कवर्धा:सांसद संतोष पांडेय ने केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात, जिले के विभिन्न सड़कों के उन्न्यन की मांग

- धवईपानी से सिमगा तक फोरलेन सड़क की रखी मांग।
- खैरागढ़ से कवर्धा सड़क के चौडीकरण हेतु रखी मांग।
कवर्धा- क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने दिल्ली में केन्द्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 अंतर्गत धंवई (छग-मप्र बार्डर) से कवर्धा होते हुए सिमगा तक फ़ोरलेन सड़क निर्माण, कवर्धा से खैरागढ़ तक सड़क मजबूती व चौड़ीकरण व कवर्धा में नया बायपास सड़क निर्माण हेतु स्वीकृति प्रदान करने की मांग को लेकर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री को पत्र सौंपा।
सांसद संतोष पांडेय ने केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को अवगत कराया कि राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 अंतर्गत धंवई (छग-मप्र बार्डर) से कवर्धा होते हुए सिमगा तक फ़ोरलेन सड़क निर्माण कराए जाने की आवश्यकता है। जिसकी लंबाई कुल 125 किमी है यह मार्ग छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश दोनों राज्य को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। यहां से कई राज्यों के बड़े छोटे वाहनों का आवागमन होता है। चिल्फी घाटी में आए दिन घंटों लंबा जाम लगता है। इसके चलते आवागमन बाधित होता है। राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उक्त मार्ग में फोरलेन सड़क का निर्माण हो जाने से आवागमन सुगम हो जाएगा।

सांसद पांडेय ने कवर्धा से खैरागढ़ तक सड़क मजबूती व चौड़ीकरण की आवश्यकता है। यह कबीरधाम से खैरागढ़ होते हुए राजनांदगांव जिले को जोडने वाली एकमात्र सड़क है। जो जर्जर व खराब हो चुकी है। इस सड़क की चौड़ाई भी कम है। राहगीरों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उक्त मार्ग के निर्माण हेतु सड़क एवं अवसंरचना कोष (CRIF) से स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 अंतर्गत कवर्धा में नया बायपास सड़क निर्माण की भी मांग की। सांसद पांडेय पहले भी उक्त तीनों प्रमुख मांगों को लेकर केंद्रीय मंत्री से मुलाक़ात कर पत्र सौंप चुके हैं। केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने उक्त तीनों सड़कों के निर्माण हेतु स्वीकृति प्रदान करने का ठोस आश्वासन दिया है। इस दौरान सांसद पांडेय ने सड़क एवं अवसंरचना कोष (CRIF) से निर्माणाधीन राजनांदगांव से खैरागढ़ सड़क एवं राजनांदगांव से डोंगरगांव से मोहला-मानपुर सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूती करण हेतु राशि स्वीकृत करने पर धन्यवाद ज्ञापित किया।




