कवर्धा: अशोका पब्लिक स्कूल की नन्हीं रूही ने राज्य स्तरीय जु-जित्सु चैंपियनशिप में जीता गोल्ड मेडल

कवर्धा। राजनांदगांव में आयोजित छठवीं छत्तीसगढ़ स्टेट जु-जित्सु चैंपियनशिप में कबीरधाम जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया। इस प्रतियोगिता में अशोका पब्लिक स्कूल की कक्षा यत्न-1 की नन्हीं छात्रा रूही ने अपनी प्रतिभा और शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
रूही ने अपनी आयु एवं भार वर्ग की प्रतियोगिता में बेहतरीन दांव-पेच दिखाते हुए प्रतिद्वंद्वियों को मात दी और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इतनी कम उम्र में रूही की यह उपलब्धि उसकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती है।
रूही जु-जित्सु एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की जिला इकाई कबीरधाम के अनुभवी कोच एवं राष्ट्रीय रेफरी देव मोटघरे के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
रूही की इस उपलब्धि पर अशोका पब्लिक स्कूल प्रबंधन एवं समस्त विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे हार्दिक बधाई दी। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इतनी छोटी उम्र में रूही ने अपनी प्रतिभा से एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। विद्यालय उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।
उल्लेखनीय है कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कबीरधाम जिले के खिलाड़ियों ने कुल 13 पदक (10 स्वर्ण, 2 रजत एवं 1 कांस्य) जीतकर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता के सभी पदक विजेता खिलाड़ियों ने कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्राप्त कीं।
अशोका पब्लिक स्कूल परिवार ने रूही को बधाई देते हुए कहा कि उसकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी पढ़ाई के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।



