अपना कबीरधाममध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़

कवर्धा: लोहारा महाविद्यालय में भाजयुमो ने किया युवा संवाद, लोकतंत्र और राष्ट्रहित पर हुई चर्चा

कवर्धा। भारतीय जनता युवा मोर्चा के लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत कबीरधाम जिले के शासकीय महाविद्यालय लोहारा में युवा संवाद एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा एवं भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी के निर्देशानुसार जिला अध्यक्ष उमंग पांडेय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनीराम साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भारतीय लोकतंत्र के इतिहास, वर्ष 1975 के आपातकाल, नागरिक अधिकारों और प्रेस की स्वतंत्रता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने बैलेट पेपर से ईवीएम और वीवीपैट तक चुनावी व्यवस्था में आए बदलावों पर भी विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, जनधन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत एवं स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। साथ ही विकसित भारत 2047 के संकल्प में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

मनीराम साहू ने कहा कि नई पीढ़ी यानी Gen Z को सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचनाओं की सत्यता की जांच करनी चाहिए। युवाओं को अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ संवैधानिक एवं सामाजिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। अभियान का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना, राष्ट्रहित के प्रति जागरूकता और सकारात्मक नेतृत्व की भावना विकसित करना है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष पर्यटन वर्मा ने की। इस अवसर पर कॉलेज जनभागीदारी अध्यक्ष योगेश साहू, भाजयुमो लोहारा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र पाली, सौरभ श्रीवास्तव, सुधांशु मिश्रा एवं महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर संदीप सोनकर सहित कॉलेज के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

खबर शेयर करें और खुद से मेहनत करें!