कवर्धा: महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त, कृष्णा आमदे का भाजपा पर आरोप

कवर्धा। जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कृष्णा कन्नू आमदे ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आज समाज का हर वर्ग इन ज्वलंत समस्याओं से परेशान है। गरीब से लेकर मध्यम वर्ग तक महंगाई की मार झेल रहा है, जबकि सरकार इन समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं दिखाई दे रही है।
कृष्णा कन्नू आमदे ने कहा कि भाजपा के नेता बड़ी-बड़ी बातें करने में माहिर हैं। एक समय था जब महंगाई के विरोध में ढोल-नगाड़े लेकर जनता के बीच पहुंचते थे और घड़ियाली आंसू बहाते थे। उस दौरान रसोई गैस, बिजली, खाद और दैनिक उपयोग की वस्तुओं को सस्ता या करमुक्त करने के वादे किए गए थे, लेकिन पिछले 12 वर्षों में आम जनता के कंधों पर कई तरह के करों का बोझ डाल दिया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आज भगवान श्रीराम के नाम के पीछे छिपकर अपनी राजनीति कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर हालात अलग हैं। आमदे ने कहा कि बीते दो वर्षों में कई मामलों में भाजपा नेताओं का नाम सामने आया है, चाहे वह कथित अफीम की खेती का मामला हो या फिर अवैध शराब बिक्री का।
गौ संरक्षण के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि आज प्रदेश में गौवंश की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। कई जगहों पर गौ तस्करी की घटनाएं सामने आ रही हैं और अखबारों की सुर्खियां बन रही हैं। उन्होंने कहा कि एक गौ सेवक को गौ रक्षा कानून की मांग के लिए अपनी उंगली तक अर्पित करनी पड़ी, लेकिन इसके बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार का ध्यान आम जनता की समस्याओं से ज्यादा अपने चंद अमीर मित्रों को लाभ पहुंचाने पर है। उन्होंने कहा कि महंगाई अपने चरम पर है। रसोई गैस, खाद्य तेल, अनाज, पेट्रोल-डीजल और बिजली की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। आज स्थिति यह है कि लोगों के लिए घर का खर्च चलाना और रसोई का प्रबंध करना भी मुश्किल होता जा रहा है।



