अपना कबीरधामक्राइममध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़

कवर्धा के धुमाल पार्टी वाहन को बालोद में ट्रक ने मारी टक्कर, 6 की मौत, 7 घायल

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुरूर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-30 स्थित मरकाटोला घाट में धुमाल पार्टी के वाहन को गेहूं से भरे 16 पहिया ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायलों को रायपुर रेफर किया गया है, वहीं अन्य घायलों का उपचार धमतरी जिला अस्पताल में जारी है।

जानकारी के मुताबिक, कबीरधाम जिले के ग्राम पोड़ी से कृष्णा बैंड पार्टी के 13 युवक स्वराज माजदा वाहन क्रमांक CG 10 BU 7174 में सवार होकर गणेश विसर्जन कार्यक्रम में धुमाल बजाने जगदलपुर जा रहे थे। इसी दौरान मरकाटोला घाट के पास उनके वाहन में खराबी आ गई। वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर युवक उसे ठीक करने का प्रयास कर रहे थे।

इसी दौरान जगदलपुर की ओर जा रहे गेहूं से भरे 16 पहिया ट्रक क्रमांक CG 04 QY 5947 ने धुमाल पार्टी के वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कई युवक ट्रक के नीचे दब गए। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार घायलों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुरूर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतकों में कोमल साहू (20), अनीश पात्रे (22), दीपक कुम्हार (17), राजा सावरा (27), कृष्णा चौहान (18) और सुंदर लाल साहू (29) शामिल हैं।

घायलों में अरमान कोशले, गणेश पार्ले, प्रमोद साहू, रुपेश मोहले, रोमन, चन्द्रमोराज और भुनेश्वर शामिल हैं। हादसे की खबर से कबीरधाम और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ,उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद संतोष पांडेय ने भी घटना पर सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संवेदना व्यक्त की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

खबर शेयर करें और खुद से मेहनत करें!