अपना कबीरधाममध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़

कवर्धा:नकटी गांव में बुलडोजर एक्शन के खिलाफ कांग्रेसी , मुख्यमंत्री का फूंका पुतला

कवर्धा। रायपुर जिले के ग्राम नकटी में 85 गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम ने शुक्रवार को जिला अध्यक्ष नवीन जायसवाल के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई, लेकिन कार्यकर्ता प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और न्याय की मांग पर डटे रहे।


जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों, किसानों और आम जनता की हितैषी होने का दावा करती है, लेकिन नकटी गांव में विधायक कॉलोनी के नाम पर 85 गरीब परिवारों को बेघर कर देना उसकी संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में लोगों के सिर से छत छीन लेना अमानवीय है। किसी का घर टूटने से केवल दीवारें नहीं गिरतीं, बल्कि पूरे परिवार के सपने और भविष्य भी प्रभावित होते हैं।
उन्होंने कहा कि यही मामला कांग्रेस शासनकाल में भी सामने आया था, लेकिन तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गरीबों की बस्ती हटाकर विधायक आवास बनाने से स्पष्ट इनकार कर दिया था। उस समय आवास एवं पर्यावरण मंत्री रहे मोहम्मद अकबर ने भी गरीबों के हितों को प्राथमिकता देते हुए बस्ती को नहीं हटाया। उन्होंने दावा किया कि नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण क्षेत्र में विधायक कॉलोनी के लिए कई वैकल्पिक स्थान उपलब्ध हैं।
नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि विधानसभा की कार्यवाही के दौरान राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और मंत्री ओपी चौधरी के बयानों से स्पष्ट होता है कि नकटी गांव को पहले से चिन्हित कर गरीबों को हटाने की योजना बनाई गई थी। उन्होंने कहा कि किसी भी संवेदनशील सरकार का दायित्व पहले प्रभावित लोगों का पुनर्वास करना होता है, न कि बुलडोजर चलाकर उन्हें बेघर करना। कांग्रेस इस मुद्दे पर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
जिला महामंत्री मनीष शर्मा ने कहा कि बरसात के बीच गरीब परिवारों के मकान तोड़ना सरकारी दमन का प्रतीक है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के तत्काल पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग की।
महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सीमा अनंत ने कहा कि इस कार्रवाई का सबसे अधिक असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ा है। खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर परिवारों की स्थिति बेहद चिंताजनक है, जो किसी भी लोकतांत्रिक सरकार के लिए शर्मनाक है।


शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने नकटी गांव के लोगों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि जनता इस कार्रवाई का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि नकटी गांव के 85 प्रभावित परिवारों को सम्मानजनक पुनर्वास और न्याय नहीं मिला, तो पार्टी पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन तेज करेगी।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव वीरेन्द्र जांगड़े, पंडरिया ब्लॉक अध्यक्ष घनश्याम साहू, मणिकांत त्रिपाठी, सौखी साहू, कुंडा ब्लॉक अध्यक्ष उत्तर दिवाकर, महामंत्री गोपाल चंद्रवंशी, संतोष यादव, शिवप्रसाद वर्मा, प्रशांत परिहार, आकाश केशवानी, बृजेश चंद्रवंशी, प्रदीप चंद्राकार, सुधांशु बघेल, भुनेश्वर पटेल, मेहुल सत्यवंशी, वाल्मीकि वर्मा, धीरज सिंह, भीषण पांडेय, नारद चंद्रवंशी, अमन वर्मा, नेतराम जांघेल, अजित साहू, शिवेंद्र वर्मा, तुषार वर्मा, वैभव ठाकुर, आशीष साहू, सुजल ठाकुर, शीतेष चंद्रवंशी, धनेश पाली, मनोज चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

खबर शेयर करें और खुद से मेहनत करें!