कवर्धा में कांग्रेस का “चीनी सत्याग्रह”, महंगाई के मुद्दे पर मोदी-साय सरकार पर साधा निशाना

कवर्धा। बढ़ती महंगाई और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के बढ़ते दामों के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को कवर्धा में “चीनी सत्याग्रह” कर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम के अध्यक्ष नवीन जायसवाल के नेतृत्व में कांग्रेस भवन के सामने आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर आम जनता की परेशानियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई के कारण गरीब, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। रसोई से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक हर क्षेत्र में बढ़ते खर्च से आम आदमी परेशान है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार विकास के आंकड़े गिनाकर जनता की वास्तविक परेशानियों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
“GDP बढ़ने की बधाई, लेकिन जनता को मिला क्या?” — नवीन जायसवाल

जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा GDP वृद्धि पर देशवासियों को बधाई दिए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब आम जनता महंगाई से परेशान है, तब केवल GDP बढ़ने की बधाई देना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि GDP बढ़ने का लाभ आखिर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों तक कितना पहुंचा है?
उन्होंने पूछा कि क्या आमदनी बढ़ी है, महंगाई कम हुई है, किसानों की आय में वृद्धि हुई है और बेरोजगार युवाओं को पर्याप्त रोजगार मिला है? जायसवाल ने कहा कि यदि आर्थिक विकास का लाभ आम जनता की जेब तक नहीं पहुंच रहा है, तो केवल बड़े-बड़े आंकड़ों के आधार पर सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।
उन्होंने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2014 से पहले महंगाई के मुद्दे पर सड़क पर उतरने वाली भाजपा आज सत्ता में है, लेकिन बढ़ती कीमतों पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि उस समय प्याज और पेट्रोल के दामों को लेकर भाजपा नेताओं द्वारा किए जाने वाले विरोध की याद आज जनता को आ रही है।
भाजपा सरकार पर पूर्व विधायक ममता चंद्राकर का हमला
पूर्व विधायक ममता चंद्राकर ने कहा कि महंगाई ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की आमदनी के मुकाबले खर्च लगातार बढ़ रहा है। रसोई का सामान और रोजमर्रा की जरूरतें महंगी होने से परिवारों का बजट बिगड़ गया है।
कांग्रेस महामंत्री मनीष शर्मा ने कहा कि सरकार को जनता की परेशानियों की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रचार और आंकड़ों में विकास दिखा रही है, जबकि जमीन पर आम जनता महंगाई से परेशान है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर निशाना साधते हुए कहा कि देश और प्रदेश की जनता को अब भाषण नहीं, बल्कि महंगाई से राहत चाहिए। उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास के बड़े-बड़े आंकड़ों के बावजूद आम आदमी की थाली और रसोई की स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है।
किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता को महंगाई से राहत दिलाने में सरकार विफल रही है। उन्होंने सवाल किया कि यदि विकास के इतने बड़े दावे किए जा रहे हैं तो गरीब परिवारों के लिए घर चलाना मुश्किल क्यों हो रहा है और आम आदमी की जेब पर लगातार बोझ क्यों बढ़ रहा है?
कार्यक्रम का संचालन मणिकांत त्रिपाठी ने किया। उन्होंने कहा कि “चीनी सत्याग्रह” बढ़ती महंगाई और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस की आवाज है। पूर्व जिला अध्यक्ष नीलकंठ चंद्रवंशी ने कहा कि सरकार को GDP और विकास के आंकड़ों से आगे बढ़कर आम जनता की वास्तविक स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। वहीं शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष नारायणी टोडर ने कहा कि कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी और आम जनता के अधिकारों के मुद्दे पर सरकार से लगातार जवाब मांगती रहेगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि महंगाई से जनता को राहत नहीं मिली तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ केवल GDP के आंकड़े नहीं, बल्कि आम जनता की आर्थिक स्थिति और खुशहाली में सुधार है।
कार्यक्रम में महामंत्री गोपाल चंद्रवंशी, नीलकंठ साहू, सतीश गहरवार, सावित्री साहू, नेतराम जंघेल, सुभाष पुरी गोस्वामी, दलेश्वर गोस्वामी, महेंद्र कुंभकार, भूखन रजक, चोवाराम साहू, खोरबहरा साहू, राजेंद्र मार्कंडेय, भोलाराम चंद्रवंशी, प्रदीप चंद्राकर, लेखा राजपूत, संजय चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




