अपना कबीरधाममध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़

कवर्धा: ग्रामीणों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी, विधायक भावना बोहरा ने 3.76 करोड़ से बनने वाली धौराबंद से प्राणखैरा सड़क निर्माण का की भूमिपूजन।

पंडरिया विधानसभा के दूरस्थ ग्रामों में वर्षों से लंबित सड़कों के निर्माण, पुल-पुलियों की स्वीकृति और आधारभूत संरचनाओं के विस्तार के लिए विधायक भावना बोहरा के निरंतर प्रयासों का परिणाम आज जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। सड़क निर्माण के माध्यम से गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को नया बल मिल रहा है। इसी कड़ी में आज ग्राम प्राणखैरा में विधायक भावना बोहरा ने क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित ग्राम धौराबन्द-बंशापुर से प्राणखैरा तक सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को बधाई दी। 3 करोड़ 76 लाख 23 हजार रुपए की लागत से 2.312 किलोमीटर तक पुल-पुलिया सहित निर्मित होने वाले इस सड़क से धौराबन्द, आमादाह, बंशापुर एवं प्राणखैरा सहित आस-पास के सैकड़ों ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा। इसके साथ ही इस सड़क निर्माण से दामापुर क्षेत्र और उससे लगे ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत ग्रामीणों को जिन्हें पहले कवर्धा, बोड़ला एवं रायपुर के लिए लम्बी दूरी तय करना पड़ता था अब इस सड़क के निर्माण से उनकी दूरी कम होगी साथ ही उनके श्रम, समय व आर्थिक बचत का लाभ भी मिलेगा। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्रवासियों में उत्साह स्पष्ट रूप से देखने को मिला और सभी ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय , उप मुख्यमंत्री  अरुण साव और विधायक भावना बोहरा के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि लगभग 3 करोड़ 76 लाख रुपये से अधिक की लागत से निर्मित होने वाली यह सड़क लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रही है, जिसके पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। अच्छी सड़कें केवल गांवों को जोड़ने का कार्य नहीं करतीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और आर्थिक उन्नति के नए अवसर भी प्रदान करती हैं। पंडरिया विधानसभा में लगातार बहुप्रतीक्षित सड़कों के निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक विकास, अधोसंरचना, सुविधा और सुगम आवागमन की पहुँच सुनिश्चित हो सके। इस सड़क के बनने से क्षेत्रवासियों को बारहमासी सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी जिससे विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं और मरीजों को पूर्व में हो रही आवागमन की समस्या का समाधान होगा। इसके साथ ही पूर्व में दामापुर और उससे लगे आस-पास के ग्रामीणों को कवर्धा, रायपुर और बोड़ला आने-जाने के लिए लम्बी दूरी तय करनी पड़ती थी जिससे समय व श्रम अधिक लगता था लेकिन अब इस सड़क के बनने से उनकी दूरी कम होगी और उनके श्रम व समय की बचत होगी। सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है, आज पंडरिया विधानसभा में जनता की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। ग्रामीण, वनांचल व नगरीय निकाय क्षेत्रों में विगत वर्षों में 500 किलोमीटर से अधिक के सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर हैं जिसमें से कुछ पूर्ण हो चुके हैं और बाकि तय समय पर पूर्ण पारदर्शिता व गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर लिया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि पंडरिया विधानसभा के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विगत वर्षों में क्षेत्र में अनेक बहुप्रतीक्षित सड़कों, पुल-पुलियों, शैक्षणिक संस्थानों, छात्रावासों और जनसुविधा से जुड़े कार्यों को स्वीकृति दिलाकर उन्हें धरातल पर उतारा गया है। इसी कड़ी में धौराबन्द-बंशापुर से प्राणखैरा तक बनने वाली यह सड़क केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य का मार्ग है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में डबल इंजन भाजपा सरकार में ग्रामीण अधोसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और पंडरिया विधानसभा इसका एक सशक्त उदाहरण बनकर उभर रही है। हमारा संकल्प है कि पंडरिया विधानसभा का कोई भी गांव विकास से वंचित न रहे। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। जनता के विश्वास और सहयोग से आने वाले समय में भी विकास की यह यात्रा इसी गति से आगे बढ़ती रहेगी।

विधायक भावना बोहरा ने बताया कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद से पंडरिया विधानसभा में विकास की गति निरंतर आगे बढ़ रही है। आज भाजपा के सुशासन में पंडरिया विधानसभा एक आदर्श विधानसभा के रूप में पूरे प्रदेश में अपनी विशेष पहचान स्थापित कर रहा है। विगत वर्षों में वनांचल क्षेत्रों से लेकर गाँव-गाँव तक सड़कों का निरंतर विस्तार हुआ है, विद्युत विहीन ग्रामों तक विकास की रोशनी पहुंची है, स्वच्छ पेयजल लोगों के घरों और गाँव तक पहुँच रही है, पक्के आवास से हमारे वनांचल में रहने वाले आदिवासी परिवार सहित ग्रामीणों को भी पक्की छत मिल रही है, 250 सीटर नालंदा परिसर लाइब्रेरी की स्वीकृति क्षेत्र में शैक्षणिक सुविधा को नई पहचान देगा, व्यावसायिक परिसर व्यापारियों को सशक्त बनाएगा, किसानों के लिए सिंचाई परियोजनाएं उनके खेतों और गाँव-गाँव पानी पहंचा रही है, मिनी स्टेडियम, बाईपास सड़क, सौन्दर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, तालाबों का संरक्षण, चौक-चौराहों का विकास, महिला सशक्तिकरण के लिए महतारी सदन, ऐसे कई अभूतपूर्व कार्य एवं अधोसंरचना निर्माण पंडरिया विधानसभा में हुए हैं जिससे हर गाँव और नगर में जन-जन की सुविधा व क्षेत्र का विकास सुनिश्चित हुआ है और आगे भी यह सार्थक प्रयास एवं विकास के कार्य निरन्तर जारी रहेंगे।

इस अवसर पर कुंडा मंडल अध्यक्ष  बालमुकुंद चंद्रवंशी ,जिला पंचायत सदस्य श्रीमती राजेश्वरी धृतलहरे , श्रीमती सुशीला अश्वनी यदु , मंडल महामंत्री  मनहरण साहू ,  विकास पांडे ,  महेंद्र धृतलहरे ,  दिनेश मिश्रा, परस सिंगरौल , सरपंच श्रीमती सोनम कुलेश्वर चंद्राकर , देवेंद्र चन्द्रवशी सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

खबर शेयर करें और खुद से मेहनत करें!