अपना कबीरधाममध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़

अंतरराष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन में अशोका पब्लिक स्कूल की खेल शिक्षिका मीरा साहू ने जीता स्वर्ण पदक, कवर्धा में हुआ भव्य स्वागत

कवर्धा। अशोका पब्लिक स्कूल की खेल शिक्षिका मीरा साहू ने बैंकॉक (थाईलैंड) में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को स्वर्ण पदक दिलाकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। अपने उत्कृष्ट खेल कौशल के दम पर मीरा साहू ने न केवल राष्ट्रीय टीम में स्थान बनाया, बल्कि फाइनल मुकाबले में निर्णायक भूमिका निभाते हुए भारत की जीत सुनिश्चित की।
उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कवर्धा आगमन के दौरान भव्य स्वागत किया गया। अशोका पब्लिक स्कूल से सिग्नल चौक तक डीजे, आतिशबाजी और विशाल रैली के माध्यम से नगरवासियों ने “कवर्धा की बेटी” का उत्साहपूर्वक सम्मान किया। रैली के दौरान मीरा साहू ने नगर के प्रमुख चौक पर पहुंचकर शहीद भगत सिंह सहित महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के संचालक पवन देवांगन और सारिका देवांगन ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि संस्था हमेशा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रही है और मीरा साहू ने इस विश्वास को सार्थक किया है।
मीरा साहू ने अपने सम्मान के लिए विद्यालय परिवार और नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने बताया कि अशोका पब्लिक स्कूल ने उन्हें सदैव बेटी की तरह स्नेह, मार्गदर्शन और विश्वास दिया है, जो उनकी सफलता का आधार बना।
कार्यक्रम में विद्यालय प्राचार्य एस.एल. नापित, उपप्राचार्य लोकनाथ देवांगन, एडमिन सागर नामदेव, कबीरधाम प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अश्विन श्रीवास सहित विद्यालय स्टाफ और अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

खबर शेयर करें और खुद से मेहनत करें!