कवर्धा:मनरेगा कर्मचारियों की चेतावनी,HR पॉलिसी लागू नहीं हुई तो 2 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल

कवर्धा: केंद्र सरकार द्वारा 1 जुलाई 2026 से देशभर में मनरेगा के स्थान पर विकसित भारत-जी राम जी (VB-G-RAM-G) योजना लागू किए जाने की तैयारी के बीच छत्तीसगढ़ के मनरेगा कर्मचारी अपनी सेवा एवं सामाजिक सुरक्षा की मांगों को लेकर आंदोलन की राह पर हैं। छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी महासंघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 1 जुलाई तक कर्मचारियों के लिए मानव संसाधन (HR) पॉलिसी लागू नहीं की गई, तो 2 जुलाई 2026 से चरणबद्ध हड़ताल शुरू की जाएगी।
इस संबंध में रविवार को महासंघ की प्रदेश स्तरीय वर्चुअल बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रांतीय पदाधिकारियों, संभागीय अध्यक्षों, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों तथा सक्रिय सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नई योजना लागू होने के साथ-साथ मनरेगा एवं VB-G-RAM-G योजना से जुड़े लगभग 12 हजार कर्मचारियों के लिए सेवा एवं सामाजिक सुरक्षा संबंधी HR पॉलिसी लागू नहीं होने की स्थिति में आंदोलन शुरू किया जाएगा।
महासंघ की प्रमुख मांगों में 62 वर्ष की आयु अथवा योजना अवधि तक सेवा सुरक्षा, निलंबन संबंधी स्पष्ट प्रावधान, अनुकंपा नियुक्ति, स्थानांतरण नीति, सेवा पुस्तिका संधारण, वार्षिक वेतन वृद्धि, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य कर्मचारी हितैषी प्रावधान शामिल हैं।
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय क्षत्री ने कहा कि मनरेगा कर्मचारी पिछले लगभग 20 वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार गारंटी योजना के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद आज तक उनके लिए सेवा सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा की स्थायी नीति लागू नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के गठन के बाद HR पॉलिसी तैयार करने के लिए समिति बनाई गई थी, जिसे 15 दिनों में रिपोर्ट प्रस्तुत करनी थी, लेकिन ढाई वर्ष बीत जाने के बाद भी कर्मचारियों को कोई ठोस परिणाम नहीं मिला है।
महासंघ द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 2 जुलाई को जनपद स्तर, 3 जुलाई को जिला स्तर और 4 जुलाई को राज्य स्तर पर हड़ताल, रैली एवं विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। साथ ही 22 जून से प्रदेशभर के मंत्रियों, विधायकों और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की तैयारी शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
महासंघ ने सभी कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने तथा अपने और अपने परिवार के भविष्य की सुरक्षा के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।



