कवर्धा: बोड़ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम का आयोजन, क्षेत्र के लोगों को नशा के खिलाफ किया गया जागरूक।

आकांक्षी ब्लॉक बोड़ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बीएमओ डॉ. पुरुषोत्तम राजपूत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी नशीले पदार्थ पर निर्भरता केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को भी अव्यवस्थित कर देती है। मनो-सक्रिय पदार्थों का नियमित सेवन इंसान को मानसिक और शारीरिक रूप से निर्भर बना देता है।
उन्होंने बताया कि कई मादक पदार्थ तंत्रिका सम्बन्धी विकार, हृदय रोग, दुर्घटनाएँ, आत्महत्याएँ और हिंसा जैसे गंभीर परिणाम पैदा कर सकते हैं। इसलिए मादक पदार्थों के सेवन और उससे होने वाली निर्भरता को एक मनो-सामाजिक एवं चिकित्सीय समस्या के रूप में समझना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रकार के नशों से होने वाली शारीरिक बीमारियों और मानसिक तनाव के उदाहरण प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
बीपीएम रूपेश साहू ने कहा कि कार्यक्रम की सफलता यह संदेश देती है कि शिक्षा संस्थान केवल ज्ञान के केंद्र ही नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विकास खण्ड के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर के कार्यरत कर्मचारियों द्वारा स्कूलों के सपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया ।




