कवर्धा: अशोका पब्लिक स्कूल में ‘श्री श्री बाल संस्कार केंद्र’ का शुभारंभ

कवर्धा। नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान अशोका पब्लिक स्कूल में ‘श्री श्री बाल संस्कार केंद्र’ का शुभारंभ धार्मिक एवं प्रेरणादायी वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के संचालक पवन देवांगन एवं सारिका देवांगन ने बेंगलुरु जाकर पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया, जिसके पश्चात केंद्र की स्थापना की गई।
गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के अनुसार, जिस प्रकार पौधों के समुचित विकास के लिए जल आवश्यक होता है, उसी प्रकार बच्चों में मानवीय मूल्यों के विकास के लिए संस्कार जरूरी हैं। ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के इस केंद्र का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत योग एवं प्राणायाम के माध्यम से शारीरिक और मानसिक संतुलन, ध्यान के जरिए एकाग्रता एवं आंतरिक शांति, तथा नैतिक शिक्षा के माध्यम से अनुशासन, सम्मान, जिम्मेदारी और करुणा जैसे मूल्यों का विकास कराया जाएगा। साथ ही व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि बच्चे भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ सकें।
विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि यह केंद्र बच्चों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला भी सिखाएगा, जिससे वे एक संस्कारित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
इसी क्रम में ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के तत्वावधान में 29 अप्रैल से 2 मई तक कवर्धा में ‘कलर्स ऑफ जॉय’ नामक चार दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 5 से 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए होगा, जिसमें इंट्यूशन प्रोग्राम, उत्कर्ष योग और मेधा योग के माध्यम से एकाग्रता, स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस पहल को सफल बनाने में ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के जिला संयोजक कैलाश शर्मा की विशेष भूमिका रही है। उनके प्रयासों से यह कार्यक्रम साकार हो सका। यह आयोजन क्षेत्र के शैक्षणिक और सामाजिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




