जान जोखिम में डालकर उफनती नदी पार कर रहे बच्चे, पुल नहीं बनने से ग्रामीणों में आक्रोश


कवर्धा। जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम बड़ौदा खुर्द में लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गांव से स्कूल जाने के लिए बच्चों को रोजाना उफनती नदी पार करनी पड़ रही है। पुल के अभाव में शनिवार सुबह भी कई बच्चे नदी किनारे फंसे रहे। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना बच्चों का हाथ पकड़कर एक-एक कर सुरक्षित नदी पार कराया। तेज बहाव के बीच यह दृश्य देखकर हर किसी की सांसें थम गईं।
लगातार भारी बारिश से नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। पुल नहीं होने से ग्रामीणों को बरसात के दिनों में जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ती है। स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी को इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। गांव के लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन से पुल निर्माण की मांग की, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति बनती है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बार-बार खबरें प्रकाशित होने और शिकायतें करने के बावजूद जिम्मेदार विभाग चुप्पी साधे हुए हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
पुल की अनुपस्थिति से न केवल आमजन की आवाजाही प्रभावित हो रही है, बल्कि बच्चों की शिक्षा पर भी गंभीर असर पड़ रहा है। अभिभावकों का कहना है कि हर दिन अपने बच्चों को नदी पार करते देखना किसी डरावने सपने से कम नहीं। ग्रामीण अब प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।



