कवर्धा: गुरुकुल पब्लिक स्कूल में पालक अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर

कवर्धा। नगर के प्रतिष्ठित अंग्रेजी माध्यम गुरुकुल पब्लिक स्कूल में शनिवार को पालक-अभिभावक अभिविन्यास (ओरियंटेशन) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में पालक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं संगीत विभाग द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के विभिन्न विंग्स के प्रभारियों ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से विद्यालय की शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों की अंतर्निहित प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें निखारने का निरंतर प्रयास किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने गायन, वादन एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित पालकों का मन मोह लिया और यह संदेश दिया कि उचित मार्गदर्शन एवं अवसर मिलने पर बच्चे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने पालकों से आग्रह किया कि विद्यालय में पढ़ाए जा रहे विषयों पर घर पर भी बच्चों का मार्गदर्शन करें तथा उनकी समस्याओं और प्रगति को समय-समय पर शिक्षकों से साझा करें। इससे बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण में सकारात्मक परिणाम प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विभिन्न विभागों के प्रभारियों का परिचय पालकों से कराया गया। साथ ही विद्यालय की पिछले वर्षों की उपलब्धियों, विभिन्न गतिविधियों तथा ईआरपी (ERP) एप सॉफ्टवेयर की कार्यप्रणाली की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के अध्यक्ष, पदाधिकारियों एवं प्राचार्य ने सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि विद्यालय और अभिभावकों के सहयोग से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं प्रतिभा विकास को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।




