कवर्धा : बढ़ती बिजली दर के खिलाफ कांग्रेस, सरकार पर लगाएं कई गंभीर आरोप

कवर्धा: जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय कवर्धा में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने बिजली दरों में हालिया बढ़ोतरी, बढ़े हुए बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार पांचवीं बार बिजली दरों में वृद्धि कर आम जनता, किसानों और छोटे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तथा गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक की बढ़ोतरी की गई है। वहीं कृषि पंपों की बिजली दरों में भी 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है। कांग्रेस का दावा है कि प्रदेशभर के लाखों उपभोक्ताओं को जून माह में सामान्य से कई गुना अधिक बिजली बिल प्राप्त हुए हैं, जिससे आम लोगों की चिंता बढ़ गई है।

कांग्रेस नेताओं ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि कई स्थानों पर स्मार्ट मीटर वास्तविक खपत से अधिक यूनिट दर्ज कर रहे हैं, जिसके कारण उपभोक्ताओं को बढ़े हुए बिजली बिलों का सामना करना पड़ रहा है। नेताओं ने कहा कि बिजली बिल हाफ योजना बंद होने और लगातार बढ़ती दरों के कारण जनता पर दोहरी मार पड़ रही है।
कांग्रेस ने सरकार से बढ़ी हुई बिजली दरों को तत्काल वापस लेने, स्मार्ट मीटरों की निष्पक्ष जांच कराने तथा उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन को और तेज करेगी।
इस अवसर पर डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल, पूर्व विधायक ममता चंद्राकर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक सिंह, आकाश केसरवानी, वीरेंद्र जांगड़े, गोपाल चंद्रवंशी, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




