कवर्धा: जिला में महात्मा गांधी नरेगा के कार्यो ने पकड़ी रफ्तार, 4194 प्रगतिरत कार्यो में 29500 से अधिक पंजीकृत ग्रामीणों को मिल रहा रोजगार।

कवर्धा: कबीरधाम जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत रोजगार सृजन तेजी से बढ़ा है। जिले के 438 ग्राम पंचायतों में वर्तमान में 4194 निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं, जिनसे 29,500 से अधिक पंजीकृत श्रमिकों को प्रतिदिन रोजगार मिल रहा है। बरसात खत्म होते ही जिले में मनरेगा कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है, जिससे ग्रामीण अंचलों में उत्साह का माहौल है।

तालाब गहरीकरण, अमृत सरोवर निर्माण, आजीविका डबरी, पशु शेड, नाला गाद निकासी जैसे विभिन्न कार्यों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार उपलब्ध हो रहा है। प्रदेश में निर्धारित 261 रुपये की दैनिक मजदूरी का भुगतान नियमित रूप से श्रमिकों को दिया जा रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में हितग्राहियों को अपने पक्के मकान निर्माण के लिए 90 दिवस और प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना में 95 दिवस का रोजगार भी दिया जा रहा है। वर्तमान में 369 प्रगतिरत आवास निर्माण कार्यों से 9,684 हितग्राहियों को प्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त हो रहा है।
जिले में रोजगार उपलब्धता में प्रदेश में प्रथम स्थान पर कबीरधाम

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीणों की मांग पर लगातार नए कार्य स्वीकृत किए जा रहे हैं। जिले के 471 ग्राम पंचायतों में से 438 में विभिन्न निर्माण गतिविधियाँ संचालित हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा के हितग्राही मूलक एवं सामुदायिक कार्यों से रोजगार के अवसर निरंतर बढ़ रहे हैं। मजदूरी भुगतान और कार्य गुणवत्ता को सुनिश्चित करने हेतु निरंतर निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जिले में प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन पर विशेष ध्यान देते हुए कूप निर्माण, डबरी, पशु शेड जैसे कार्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों की आजीविका मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि 100 दिनों का रोजगार अधिकतम ग्रामीण परिवारों को उपलब्ध कराने और दिव्यांगजनों को भी कार्य में सम्मिलित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में फसल कटाई के बाद रोजगार मांग में और वृद्धि की संभावना जताई गई है, जिसके लिए पहले से ही सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।



