अपना कबीरधाममध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़

कवर्धा: पंडरिया में अवैध धान भंडारण पर कार्रवाई, दो व्यापारियों से धान जब्त

15 क्विंटल धान और 50 बोरी अवैध धान पकड़ा, खाद्य विभाग-मंडी और सीसीबी की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

कवर्धा। कबीरधाम जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले अवैध धान के भंडारण और कारोबार पर प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। इसी कड़ी में पंडरिया में खाद्य विभाग, मंडी और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक (सीसीबी) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो व्यापारियों के ठिकानों से अवैध रूप से भंडारित धान जब्त किया है। एक ही दिन में अवैध धान भंडारण के दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने पंडरिया के व्यापारी सुशील गुप्ता के यहां जांच के दौरान करीब 15 क्विंटल धान का अवैध भंडारण पाया। टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए धान जब्त किया। वहीं, दूसरी कार्रवाई में व्यापारी वासु ठाकुर के यहां से 50 बोरी धान बरामद किया गया। संयुक्त टीम ने धान के भंडारण और संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद दोनों मामलों में प्रकरण तैयार किया है।
गौरतलब है कि जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। इसके मद्देनजर प्रशासन ने अवैध धान की आवक, भंडारण और परिवहन पर निगरानी बढ़ा दी है। इससे पहले भी जिले में खाद्य विभाग और मंडी की टीमों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर अवैध धान जब्त किया जा चुका है। पूर्व में हुई कार्रवाई में भी व्यापारियों के पास से बड़ी मात्रा में धान बरामद हुआ था।
प्रशासन की लगातार कार्रवाई से अवैध धान कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और बिचौलियों पर अंकुश लगाने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

खबर शेयर करें और खुद से मेहनत करें!