कवर्धा: पालकी यात्रा के दौरान मारपीट और दहशत फैलाने वालों पर पुलिस की कार्रवाई

कवर्धा। सावन के अंतिम सोमवार को शहर में भगवान भोलेनाथ की भव्य पालकी यात्रा के का आयोजन किया गया, इस दौरान असमाजिक तत्वों द्वारा हुड़दंग व मारपीट कर दहशत फैलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कबीरधाम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर पूछताछ की, जिसमें कुल 10 लोगों की पहचान हुई। इनमें 8 नाबालिग और 2 बालिग युवक शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को पालकी यात्रा के दौरान कुछ युवकों द्वारा शहर में लड़ाई-झगड़ा और मारपीट किए जाने का वीडियो बनाया गया था, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वीडियो के आधार पर संदिग्धों की पहचान शुरू की।
पूछताछ के बाद सामने आए 8 नाबालिगों के परिजनों को थाना बुलाकर समझाइश दी गई और भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। परिजनों ने भी अपने बच्चों की ओर से घटना पर खेद व्यक्त करते हुए जिलेवासियों से क्षमा मांगी तथा भविष्य में ऐसी घटना नहीं होने देने का आश्वासन दिया।
वहीं, दो बालिग आरोपी युवक शिवा दुबे 21, निवासी मठपारा, कवर्धा और दीपराज पाली 19, निवासी पालीपारा, कवर्धा के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में वैधानिक कार्रवाई की गई है।
कबीरधाम पुलिस ने कहा कि धार्मिक आयोजनों और सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने, मारपीट अथवा भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और दहशत फैलाने वाले वीडियो प्रसारित करने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों से धार्मिक आयोजनों में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों व विवादित वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित नहीं करने की अपील की है।



