कवर्धा: गुरुकुल में आयोजित बाल संस्कार शिविर-2026 का भव्य समापन

कवर्धा। शिक्षा, संस्कार एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को अपना ध्येय मानने वाली शिक्षण संस्था गुरुकुल पब्लिक स्कूल, कवर्धा में दस दिवसीय बाल संस्कार शिविर-2026 का भव्य समापन हुआ। विद्यालय द्वारा भारतीय संस्कृति और सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस शिविर का संचालन 28 मई से 6 जून तक किया गया।
शिविर का आयोजन अखिल भारतीय समरथ जैन श्रावक संघ, भारत के अंतर्गत समरथ जैन श्रावक संघ छत्तीसगढ़ शाखा के तत्वावधान में किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य 9 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं में सद्गुणों का बीजारोपण तथा जैन संस्कारों का संवर्धन करना था। इसके माध्यम से बच्चों में अनुशासन, विनय, विवेक, प्रेम, सद्भाव, अहिंसा, सहानुभूति एवं मानवीय मूल्यों की समझ विकसित करने का प्रयास किया गया।
शिविर में कवर्धा, दुर्ग, दल्लीराजहरा, बालाघाट और संबलपुर से आए शिक्षाविदों एवं जैन धर्म के मर्मज्ञ विद्वानों ने विभिन्न मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों का मार्गदर्शन किया। आयोजन की सफलता में छत्तीसगढ़ शाखा के पदाधिकारियों, नवयुवक मंडल एवं महिला मंडल का विशेष योगदान रहा।
विद्यालय के मीडिया प्रभारी ने बताया कि शिविर पूर्णतः निःशुल्क एवं आवासीय था। बालक एवं बालिकाओं के लिए पृथक एवं समुचित आवास व्यवस्था की गई थी।

202
समापन समारोह में अतिथियों ने शिविर के उद्देश्यों एवं संस्कारों के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं शिविरार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बालक एवं बालिका वर्ग के प्रतिभागियों को ‘बेस्ट स्टूडेंट ऑफ शिविर’ सम्मान से नवाजा गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं आकर्षक उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी, निर्णायक मंडल के सदस्य, प्राचार्य एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने शिविरार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
यह दस दिवसीय संस्कार शिविर समरथ गच्छाधिपति वात्सल्यमूर्ति 1008 परम पूज्य गुरुदेव श्री उत्तमचंद जी म.सा. एवं परम पूज्य गुरुणीमैया श्री विमलकंवर जी म.सा. की असीम कृपा एवं आशीर्वाद से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




