कवर्धा: सेवा दिवस पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा का अद्भुत सेवाभाव, 75 महिला-पुरुषों की कराई ‘घर वापसी’ पैर पखार के श्रीफल भेंट कर किया स्वागत।


कवर्धा: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को पूरे देश में सेवा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक भावना बोहरा ने सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति की अनूठी मिसाल पेश की। उन्होंने अपने क्षेत्र में आयोजित विशेष कार्यक्रम में लगभग 75 महिला-पुरुषों की ‘घर वापसी’ कराई, जिन्होंने पूर्व में विभिन्न कारणों से अपना मूल धर्म छोड़ दिया था।
कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने न केवल इन आदिवासी और अन्य समाज के परिवारों का आत्मीय स्वागत किया बल्कि भारतीय परंपरा के अनुरूप स्वयं उनके पैर पखारे। इस भावुक क्षण ने उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया। उन्होंने सभी परिवारों को श्रीफल व उपहार भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में बोहरा ने कहा कि सेवा केवल कर्म नहीं, बल्कि संस्कार है। आज इन परिवारों का अपनी जड़ों से पुनः जुड़ना हमारे सामाजिक ताने-बाने को और मजबूत बनाता है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज का हर वर्ग साथ मिलकर आगे बढ़े, यही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है और सेवा दिवस उसी दिशा में एक सार्थक पहल है।

इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने विधायक के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक कदम बताया। कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को और भी भावपूर्ण बना दिया। सेवा दिवस पर आयोजित यह आयोजन न केवल घर वापसी का प्रतीक बना, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भावना और एकता का संदेश भी दे गया।




