कवर्धा: एसडीओपी के बाबू पर आदिवासी महिला से बदसलूकी का आरोप, समाज ने की सख्त कार्रवाई की मांग

कवर्धा: कबीरधाम जिले के बोडला एसडीओपी कार्यालय में कार्यरत क्लर्क पर आदिवासी महिला ने गंभीर बदसलूकी का आरोप लगाया है। लखनपुरखुर्द निवासी 42 वर्षीय रेवतीबाई ने पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह को दिए आवेदन में बताया कि उसे और उसके पति ईशूराम को थाने में घंटों तक बैठाकर अपमानित किया गया। रेवतीबाई के अनुसार, उन्हें पानी पीने और शौचालय जाने तक की अनुमति नहीं दी गई और एसडीओपी कार्यालय के क्लर्क सतीष उपाध्याय ने लगातार अभद्र व्यवहार किया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी को बचाने के लिए झूठे गवाह खड़े किए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज की जांच तक नहीं की गई। रेवतीबाई ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए और आरोपी क्लर्क को एसडीओपी कार्यालय से तत्काल हटाया जाए ताकि वह जांच को प्रभावित न कर सके।
इस घटना से आक्रोशित समाज के बड़ी संख्या में लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। लोगों ने कहा कि अगर समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि यह जांच का विषय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे मामले ने क्षेत्र में पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग उम्मीद कर रहे हैं कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए त्वरित कदम उठाए जाएंगे।




