अपना कबीरधाममध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़

कवर्धा: दीदी के साइंस पाठशाला में विद्यार्थियों के सपनों को मिल रहा ऊंची उड़ान, विधायक भावना बोहरा ने छात्रा-छात्राओं का किया उत्साहवर्धन

कवर्धा: पंडरिया स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, में ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ की कार्यशाला का विधायक भावना बोहरा ने अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर विज्ञान से जुड़े उनके सवालों, जिज्ञासाओं एवं रुचियों को जाना तथा उनके भविष्य के सपनों और विचारों पर चर्चा की। विधायक ने बच्चों की उत्सुकता और सीखने की ललक का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर कुछ नया सीखने और अपने सपनों को बड़ा रखने के लिए प्रेरित किया।

विधायक भावना बोहरा द्वारा संचालित ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के माध्यम से पंडरिया विधानसभा के सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यशालाओं में विद्यार्थियों को ड्रोन, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग सहित विभिन्न आधुनिक तकनीकों एवं नवाचारों से परिचित कराया जा रहा है, ताकि ग्रामीण एवं सरकारी स्कूलों के बच्चों को भी बदलती तकनीकी दुनिया को करीब से समझने और सीखने का अवसर मिल सके। बस में संचालित इस सुविधा के माध्यम से पंडरिया विधानसभा के प्रत्येक शासकीय एवं सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र-छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन और एयरोस्पेस टेक्नोलॉजी, विज्ञान और गणित का प्रैक्टिकल अनुभव (STEM), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), ऑगमेंटेड एवं वर्चुअल रियलिटी (AR/VR) जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेगी। जिसका मूल उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी शिक्षा के बीच तकनीकी अंतर को समाप्त करना तथा सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को भविष्य की प्रतिस्पर्धा के लिए सक्षम बनाना है। इसके साथ ही प्रतिवर्ष 5000 विद्यार्थियों तक सीधे इसका लाभ पहुँचाना है

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों में प्रतिभा और सपनों की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें सही मार्गदर्शन, आधुनिक शिक्षा और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की है। हर बच्चे के भीतर कुछ नया करने की क्षमता होती है। किसी बच्चे का सपना इसलिए छोटा नहीं होना चाहिए क्योंकि वह सरकारी स्कूल में पढ़ता है या उसके पास आधुनिक संसाधनों की कमी है। ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के माध्यम से हमारा प्रयास है कि पंडरिया के बच्चों को विज्ञान, तकनीक और नवाचार की आधुनिक दुनिया से जोड़ें, उनकी जिज्ञासाओं को प्रोत्साहित करें और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए आवश्यक अवसर प्रदान करें। आज के यही विद्यार्थी आने वाले भारत की नई शक्ति हैं। ड्रोन, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग और अन्य आधुनिक तकनीकों के माध्यम से बच्चों को केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि प्रयोग, अनुभव और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। पंडरिया विधानसभा के हमारे बच्चों की प्रतिभा को सही दिशा देकर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि पंडरिया का हर बच्चा अपने सपनों को उड़ान दे, अपनी प्रतिभा को पहचान सके और आधुनिक शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य की मजबूत नींव रख सके। बच्चों की आंखों में दिखाई देने वाले सपनों को अवसरों की उड़ान देना ही इस पहल का वास्तविक उद्देश्य है। इसी उद्देश्य से हम बेटियों की शिक्षा में कोई बाधा न आए उसके लिए प्रयास किया। आज 10 निःशुल्क बस सेवा के माध्यम से पंडरिया विधानसभा की बेटियां सुरक्षित एवं सुगम आवागमन मिलने से महाविद्यालय में निश्चिन्त होकर पढ़ने जा रहीं हैं, लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग सेंटर में युवा अपने घर व गाँव के पास ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियां कर अपना भविष्य सुरक्षित कर रहें हैं। शिक्षा के क्षेत्र में हम हर विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षा और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहें हैं और 1500 से अधिक बेटियों को निःशुल्क बस का लाभ मिलना तथा लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग में कोचिंग प्राप्त करने वाले युवाओं का सैन्य एवं पुलिस बल तथा NEET की परीक्षा उत्तीर्ण करना हमारे लिए गौरव की बात है। भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के माध्यम से शिक्षा को आधुनिक तकनीक और नवाचार से जोड़कर विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

खबर शेयर करें और खुद से मेहनत करें!