कवर्धा में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार तीन युवक को रौंदा, दो का हाथ धड़ से अलग, हालत बेहद नाज़ुक, चालक वाहन छोड़कर फरार।

कवर्धा: कबीरधाम जिले के भोरमदेव थाना क्षेत्र अंतर्गत भोरमदेव मार्ग के लासाटोला मोड़ के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंद दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इस भीषण दुर्घटना में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से दो की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी है।
हादसे में घायल युवकों की पहचान राजेश लहरें, कुशाल बंजारे और प्रिंस बघेल के रूप में हुई है। तीनों युवक भालुचुआ गांव के निवासी हैं। जानकारी के अनुसार तीनों किसी निजी काम से बाइक पर सवार होकर कवर्धा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान भोरमदेव की ओर से आ रही तेज रफ्तार हाइवा ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक हाइवा के चक्के के नीचे आ गए। इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों के हाथ हाइवा के पहिए की चपेट में आने से धड़ से अलग हो गए। घटना स्थल पर खून से लथपथ दृश्य देखकर लोगों की रूह कांप उठी और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया।
दुर्घटना के तुरंत बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही भोरमदेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल कवर्धा पहुंचाया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस हादसे के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

भोरमदेव थाना प्रभारी लालमन साव ने बताया की हाइवा की चपेट आने से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए हैं जिसमें दो की हालत गंभीर है, हाइवा चालक घटना के बाद फरार हो गया है पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है।




