अपना कबीरधाममध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़

कवर्धा: भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना ने बनाया नया कीर्तिमान, किसानों को मिला मेहनत का पूरा मूल्य — दो साल में 300 करोड़ का भुगतान पूरा

कवर्धा: उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के निरंतर प्रयासों ने भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना को किसानों की आर्थिक मजबूती का सबसे मजबूत स्तंभ बना दिया है। पेराई सत्र 2024-25 में किसानों को शत-प्रतिशत भुगतान पूरा होने के साथ कारखाने ने नई उपलब्धि दर्ज की है। सबसे उल्लेखनीय बात यह है कि वर्ष 2024-25 में कारखाना ने अपनी स्थापना के इतिहास में सर्वाधिक रिकवरी रेट हासिल कर पूरे देश में टॉप स्थान प्राप्त किया है। लगातार बढ़ती रिकवरी ने किसानों की आय में सीधा इजाफा किया है, जिससे उनके चेहरों पर खुशहाली की चमक दिखाई दे रही है।

बीते दो वर्षों के दौरान कारखाने की कार्यप्रणाली में तकनीकी उन्नयन, पारदर्शी भुगतान प्रक्रिया और क्षमता विस्तार जैसे सुधार किसानों के हित में मील का पत्थर सिद्ध हुए हैं। वर्ष 2023-24 और 2024-25 में कुल 23 हजार 778 किसानों को 300.30 करोड़ रुपये का भुगतान सुनिश्चित किया गया है। सीजन 2023-24 में 12052 किसानों को 173.83 करोड़ रुपये तथा 2024-25 में 11726 किसानों को 126.53 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ। उच्च रिकवरी दर ने तयशुदा मूल्य के अतिरिक्त किसानों को अतिरिक्त रिकवरी एरियर्स का लाभ भी प्रदान किया, जिसने उनकी आर्थिक स्थिति को और अधिक मजबूत किया।

किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 30 लाख रुपये की लागत से कारखाना परिसर में सर्वसुविधायुक्त किसान विश्रामगृह “बलराम सदन” की स्थापना भी उपमुख्यमंत्री शर्मा की पहल का परिणाम है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस रेस्ट हाउस से अब किसानों को प्रतीक्षा के दौरान आराम और सुविधा मिलेगी।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि किसानों की खुशहाली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कृषि तथा सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने के हर प्रयास जारी रहेंगे। कारखाने की उपलब्धियों से न केवल किसानों की आय में बढ़ोतरी हुई है बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा मिली है। भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना आज प्रदेश में संवेदनशील नेतृत्व और संकल्प के साथ सकारात्मक बदलाव का सशक्त उदाहरण बनकर नई दिशा स्थापित कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

खबर शेयर करें और खुद से मेहनत करें!