कवर्धा:प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना से बुधवारिन बाई का सपना हुआ साकार, पक्का घर बना संबल

कवर्धा: विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय के लिए प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना आर्थिक मजबूती और सामाजिक सम्मान का नया आधार बन रही है। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत छूही के आश्रित ग्राम गुड़ली की हितग्राही बुधवारिन बाई बैगा इस योजना का प्रत्यक्ष उदाहरण हैं, जिनका वर्षों पुराना पक्के घर का सपना अब पूरा हो चुका है।
दुर्गम वनांचल क्षेत्र में रहने वाली बुधवारिन बाई का परिवार पहले कच्चे व जर्जरनुमा मकान में रहता था। बरसात के दिनों में पानी टपकने, कीचड़ और सुरक्षा जैसी कई समस्याएँ उन्हें हमेशा परेशान करती थीं। वित्तीय वर्ष 2023-24 में उनका नाम पात्र हितग्राहियों की सूची में शामिल होते ही जिला प्रशासन ने 2 लाख रुपए स्वीकृत किए। पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपए डीबीटी के जरिए सीधे उनके बैंक खाते में भेजे गए, जिसके बाद आवास निर्माण का कार्य शुरू हुआ।
आवास मित्र और तकनीकी सहायक के मार्गदर्शन में समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य आगे बढ़ता गया। निर्माण प्रगति के आधार पर शेष किश्तें जारी की गईं और कुछ ही महीनों में बुधवारिन बाई का पक्का घर तैयार हो गया। उन्होंने बताया कि आवास निर्माण के दौरान उन्हें मनरेगा के तहत 95 दिवस का मजदूरी भुगतान 24,795 रुपए अतिरिक्त लाभ के रूप में मिला।
पक्का घर मिलने के बाद बुधवारिन बाई के परिवार को अब सुरक्षा, स्थायित्व और सम्मान का नया अनुभव हो रहा है। घर के साथ उन्हें शासन की अन्य योजनाओं—उज्ज्वला गैस कनेक्शन, स्वच्छ भारत मिशन से शौचालय, नल-जल योजना से पेयजल, सौभाग्य योजना से बिजली, महतारी वंदन योजना से मासिक सहायता, आयुष्मान कार्ड से स्वास्थ्य सुविधा और राशन कार्ड से खाद्यान्न—का भी लाभ मिल रहा है।
बुधवारिन बाई ने कहा कि आज उनका परिवार चैन की नींद सो रहा है और समाज में सम्मान बढ़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।




