कबीरधाम में देह व्यापार की शिकायत के बाद एक्शन मोड़ में नजर आ रही पुलिस, लगातार संदिग्ध इलाकों में दबिश देकर रही जांच।

कवर्धा: ग्रामीणों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद लोहारा थाना पुलिस ने जिले के ग्राम भिभौरी सहित आसपास के ग्रामों में देह व्यापार और अवैध शराब बिक्री जैसी सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया.
पुलिस अधीक्षक भापुसे धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल, पंकज पटेल एवं एसडीओपी लोहारा प्रतीक चतुर्वेदी के निर्देशन में ग्राम भिभौरी में 27 मई को एक जनचेतना बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें ग्रामवासियों ने ग्राम में असामाजिक गतिविधियों के प्रति चिंता व्यक्त की. संबंधित अधिकारियों ने इस पर शीघ्र ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया.
मामले में अग्रिम और ठोस कार्रवाई करते हुए 28 मई की देर रात लोहारा थाना प्रभारी निरीक्षक लालमन साव एवं थाना उनकी टीम तथा DRG टीम द्वारा ग्राम भिभौरी, लाखाटोला, बिडोरा एवं सिंघनगढ़ में सघन कॉम्बिंग पेट्रोलिंग एवं रेड कार्रवाई की गई.
कार्रवाई की शुरुआत ग्राम भिभौरी के उन चिन्हित इलाकों से हुई, जहाँ पूर्व में देह व्यापार एवं अवैध शराब बिक्री की शिकायतें प्राप्त हुई थीं. पुलिस टीम ने ग्रामीण वर्दी में गुप्त निगरानी करते हुए संबंधित मकानों व स्थानों पर दबिश दी तथा मौके पर मौजूद व्यक्तियों की पहचान एवं गतिविधियों की गहन जांच की.

ग्राम लाखाटोला, बिडोरा व सिंघनगढ़ में भी समान रूप से विशेष गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया गया. पुलिस टीम ने हर ग्राम में संदिग्ध ठिकानों का भौतिक निरीक्षण करते हुए ग्रामवासियों से संवाद किया एवं आवश्यक सूचनाएं एकत्र की. कार्रवाई के दौरान संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी उपस्थिति की वैधता जांची गई तथा कुछ मामलों में सख्त चेतावनी भी दी गई.
इसके साथ ही कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें. किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति अथवा अपराध संबंधी सूचना मिलने पर तत्काल थाना लोहारा को सूचित करें. आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.



