कबीरधाम में सहकारी समिति प्रबंधकों और ऑपरेटर्स की हड़ताल स्थगित, 21 नवंबर से कामकाज होगा सामान्य

कवर्धा। कबीरधाम जिले में सेवा सहकारी समिति प्रबंधकों और कंप्यूटर ऑपरेटर्स की बीते 3 नवंबर से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल अब स्थगित कर दी गई है। जिला सहकारी संघ के पदाधिकारियों ने गुरुवार को कलेक्टर गोपाल वर्मा से मुलाकात कर हड़ताल स्थगन संबंधी पत्र सौंपा। संघ ने बताया कि शासन द्वारा 15 नवंबर से धान खरीदी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है, ऐसे में किसानों के हित और खरीदी व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कर्मचारियों ने हड़ताल रोकने का निर्णय लिया है। सभी कर्मचारी 21 नवंबर, शुक्रवार से अपने-अपने कार्यस्थलों पर कामकाज फिर से शुरू करेंगे।

उल्लेखनीय है कि प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे, जिसके कारण जिले के कई उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। टोकन वितरण में रुकावट, दस्तावेज सत्यापन में देरी तथा किसान समर्थन मूल्य खरीदी में बाधाएं आने लगी थीं, जिससे किसानों में चिंता की स्थिति बनने लगी थी। जिला प्रशासन लगातार बातचीत कर हड़ताल खत्म करने का प्रयास कर रहा था।
कलेक्टर गोपाल वर्मा से चर्चा के दौरान जिला सहकारी संघ ने भरोसा दिलाया कि किसानों को हो रही असुविधा को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों ने जनहित में यह निर्णय लिया है। प्रशासन द्वारा भी सकारात्मक पहल और समस्याओं के निराकरण के लिए आश्वासन दिए जाने के बाद संघ ने हड़ताल स्थगित करने पर सहमति जताई।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, संयुक्त कलेक्टर आर. बी. देवांगन, उप पंजीयक सहकारिता जी. एस. शर्मा, खाद्य अधिकारी सचिन मरकाम, डीएमओ अभिषेक मिश्रा, सीसीबी नोडल आर. पी. मिश्रा सहित अन्य अधिकारी और जिला सहकारी संघ के सदस्य उपस्थित रहे।
हड़ताल खत्म होने से अब जिले में धान खरीदी प्रक्रिया पुनः रफ्तार पकड़ेगी और किसानों को राहत मिलेगी।



