अपना कबीरधाममनोरंजन

कवर्धा: दशहरा उत्सव में शामिल हुए खड्ग राज कुमार सिंह, सरोधी और तेली टोला में ग्रामीणों से की मुलाकात


सहसपुर लोहारा। क्षेत्र में दशहरा पर्व पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर खड्ग राज कुमार सिंह ने ग्राम सरोधी और तेली टोला पहुंचकर दशहरा उत्सव में सहभागिता की। दोनों गांवों में ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खड्ग राज कुमार सिंह ने कहा कि दशहरा केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि हमारी परंपरा, संस्कृति और पूर्वजों की विरासत से जुड़ा उत्सव है। उन्होंने सहसपुर लोहारा राजपरिवार और क्षेत्र के 84 गांवों के बीच पीढ़ियों से चले आ रहे संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि समय और व्यवस्थाएं बदलने के बावजूद क्षेत्रवासियों के साथ आत्मीय रिश्ता आज भी कायम है।

उन्होंने कहा कि रिश्ते पद और व्यवस्था से नहीं, बल्कि दिल से निभाए जाते हैं। पूर्वजों ने क्षेत्र के लोगों के साथ जो संबंध स्थापित किए, उसे आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सम्मान प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना भी महत्वपूर्ण है।
खड्ग राज कुमार सिंह ने कहा कि दशहरा पर्व हमें सत्य और अच्छाई के मार्ग पर चलने तथा आपसी मतभेद भुलाकर समाज और क्षेत्र की प्रगति के लिए मिल-जुलकर काम करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से अपनी मिट्टी, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शिक्षा और मेहनत के बल पर आगे बढ़ें, लेकिन अपने गांव, बुजुर्गों और देवी-देवताओं को कभी न भूलें।
इस अवसर पर उन्होंने मां दुर्गा, कुल देवी-देवताओं और पूर्वजों से क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने किसानों की खुशहाली, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
सरोधी के बाद तेली टोला पहुंचे खड्ग राज कुमार सिंह ने ग्रामीणों के साथ दशहरा उत्सव में भाग लिया। दोनों गांवों में पर्व के दौरान उत्साह, उल्लास और आत्मीयता का माहौल रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

खबर शेयर करें और खुद से मेहनत करें!