कवर्धा:वडनगर से वाराणसी जा रही जल-जन सेवा संकल्प बाइक रैली का कबीरधाम में भव्य स्वागत

कवर्धा। वडनगर से वाराणसी तक निकली ‘जल-जन सेवा संकल्प बाइक रैली’ का कबीरधाम जिले में दो दिवसीय प्रवास के दौरान विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो जिला अध्यक्ष उमंग पांडेय ने किया। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बाइकर्स शामिल हुए।

29 सितंबर को रैली की शुरुआत रेंगाखार मंडल के धवईपानी से हुई। यहां कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली का स्वागत किया। इसके बाद रैली बंजारी मंदिर पहुंची, जहां दर्शन के पश्चात बोड़ला मंडल में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। बोड़ला के हिंदू संगम में आदिवासी बैगा समाज के लोगों के साथ सामूहिक भोज हुआ और नगर पंचायत के स्वच्छता दूतों का सम्मान किया गया।
कवर्धा के सिग्नल चौक पर रैली का आतिशबाजी, राउत नाचा और पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया। शहर में बाइकर्स ने अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। शाम को उमेश उत्सव उद्यान में कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। साथ ही ‘मोर आवास-मोर अधिकार’ योजना के हितग्राहियों का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया।

30 सितंबर को रैली की शुरुआत उमेश उत्सव उद्यान से हुई। सरस्वती शिशु मंदिर भगुटोला में ‘सेवा वाटिका’ के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके बाद रैली पोंड़ी, पांडातराई और हरि नाला होते हुए पंडरिया पहुंची, जहां बैगा नृत्य और राउत नाचा की प्रस्तुति के साथ स्वागत हुआ। सामुदायिक भवन पंडरिया में पर्यावरण संरक्षण समिति और बेजुबां समिति का सम्मान किया गया।
इसके बाद रैली कुकदूर और पोलमी होते हुए मध्यप्रदेश के लिए रवाना हुई। कार्यक्रम में दाहोद सांसद जसवंत सिंह सुमन, प्रभारी अवधेश चंदेल, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय सहित भाजपा एवं भाजयुमो के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




