कवर्धा: कांवड़ यात्रा का छठवां दिन; स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने डोंगरिया स्थिति शासकीय स्कूल में किया ध्वजारोहण, भक्ति, देशभक्ति और शिवभक्ति का अद्भुत संगम।

कवर्धा। मां नर्मदा मंदिर, अमरकंटक से भोरमदेव तक निकली कांवड़ यात्रा का आज छठवां दिन है। करीब 151 किलोमीटर की इस धार्मिक पदयात्रा में कांवड़िए पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ लगातार आगे बढ़ रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यात्रा का वातावरण राष्ट्रभक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया।

आज सुबह शासकीय विद्यालय, डोंगरिया में ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर कांवड़ियों के साथ बोड़ला तक की पदयात्रा के लिए प्रस्थान किया गया। स्वतंत्रता दिवस का पावन अवसर यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए विशेष ऊर्जा और उत्साह लेकर आया।
यात्रा के दौरान एक ओर हाथों में देश की आन-बान-शान का प्रतीक तिरंगा दिखाई दिया, तो दूसरी ओर सनातन आस्था की धर्म ध्वजा लहराती नजर आई। राष्ट्रभक्ति और धर्मभक्ति के इस संगम ने यात्रा को विशेष बना दिया।

कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालु मां भारती को नमन करते हुए बाबा भोलेनाथ के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त कर रहे हैं। कांवड़िए सिर पर कांवड़ और हाथों में तिरंगा लेकर भक्ति, अनुशासन और देशप्रेम का संदेश देते हुए आगे बढ़ रहे हैं।
यात्रा के दौरान देश की एकता, अखंडता, शांति और समृद्धि की कामना की जा रही है। श्रद्धालुओं का कहना है कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है। भोरमदेव पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।




