कवर्धा में सनसनीखेज वारदात, युवक को बंधक बनाकर पीटा, करंट लगाकर हत्या की कोशिश।

कवर्धा: नगर से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जी श्याम नगर में अज्ञात आरोपी ने घर में घुसकर एक युवक को बंधक बनाया, उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और करंट लगाकर जान से मारने की कोशिश की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पीड़ित युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात की है। अज्ञात आरोपी देर रात घर में घुसा और युवक अनिल शर्मा को रस्सी से बांध दिया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ जमकर मारपीट की। आरोप है कि हमलावर ने अनिल शर्मा को करंट लगाकर हत्या करने की कोशिश भी की। करंट के तेज झटके से बिजली का तार टूट गया, जिससे युवक की जान बच सकी।
घटना में युवक के हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घर के अंदर खून फैला हुआ पाया गया, जिससे मारपीट की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पीड़ित की चीख-पुकार और घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल आरोपी फरार है।

इस मामले में डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक युवक के साथ मारपीट कर करंट लगाकर जान से मारने की कोशिश की गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। पीड़ित का इलाज जारी है और अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।




