कवर्धा: पंडरिया में विकास की नई रफ्तार: उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विधायक भावना बोहरा ने ₹19.94 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में आज एक ऐतिहासिक दिन दर्ज हुआ। पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने नगर पालिका परिषद पंडरिया एवं नगर पंचायत पांडातराई अंतर्गत कुल ₹19 करोड़ 94 लाख 75 हजार रुपये के विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में लगभग 10 हजार से अधिक नागरिकों की उपस्थिति ने क्षेत्र में विकास को लेकर जनउत्साह को दर्शाया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विधायक भावना बोहरा की अनुशंसा पर नगर पालिका पंडरिया को ₹2 करोड़ तथा नगर पंचायत पांडातराई और इंदौरी के सर्वांगीण विकास के लिए ₹1-1 करोड़ की अतिरिक्त सौगात देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विधायक भावना बोहरा ने जनसेवा को अपना संकल्प बनाया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अधोसंरचना के क्षेत्र में हो रहे कार्य पंडरिया की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनहित, विकास और सुशासन के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि जनता के विश्वास से मिले अवसर को वे पूरी निष्ठा से निभा रही हैं। आज 19 करोड़ से अधिक के विकास कार्य क्षेत्र की जनता को समर्पित किए गए हैं। उनका लक्ष्य है कि पंडरिया विधानसभा के प्रत्येक गांव, बस्ती और वनांचल क्षेत्र तक विकास पहुंचे। जिन कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण हुआ है, उनमें सड़क निर्माण, पेयजल योजनाएं, नगरपालिका भवन सह व्यावसायिक परिसर, मिनी स्टेडियम, चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण, नवीन तहसील भवन सहित अन्य जनसुविधाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आम जनजीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।
कार्यक्रम में अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, जनपद व नगरीय निकायों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




