कवर्धा: यूनिक कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा जोया खान ने राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में किया जिले का नाम रोशन

कवर्धा। यूनिक कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल ने एक बार फिर शैक्षणिक के साथ-साथ खेल क्षेत्र में भी अपनी उत्कृष्टता साबित की है। विद्यालय की कक्षा 7 की होनहार छात्रा जोया खान ने हैंडबॉल खेल में राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल अपने स्कूल बल्कि पूरे कबीरधाम जिले का गौरव बढ़ाया है।

जोया खान ने 02 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 तक राजस्थान के चित्तौड़ में आयोजित अंडर-14 नेशनल हैंडबॉल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य टीम की ओर से भाग लिया। इस दौरान छत्तीसगढ़ टीम ने राजस्थान, तमिलनाडु और असम की टीमों के साथ कड़े मुकाबले खेले, जिनमें जोया का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
विशेष उल्लेखनीय है कि दुर्ग ज़ोन से इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए केवल दो खिलाड़ियों का चयन हुआ, जिनमें यूनिक कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल की जोया खान और स्वामी आत्मानंद स्कूल की तनिष्का शामिल रहीं। यह चयन जोया की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का प्रमाण है।
जोया खान की इस उपलब्धि पर विद्यालय के डायरेक्टर अमजद, प्राचार्य पीयूष, खेल शिक्षक प्रभास सहित समस्त विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि जोया आने वाले समय में राज्य और देश के लिए और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी।




