बजट में विकसित छत्तीसगढ़ की तैयार की गई है रूपरेखा, ऐतिहासिक एवं सर्वसमावेशी बजट – सांसद संतोष पांडेय

कवर्धा- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडेय ने प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार के नए विधानसभा भवन में प्रस्तुत तीसरे बजट को ऐतिहासिक एवं सर्वसमावेशी बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के इस बजट मे विकसित छत्तीसगढ़ की रूपरेखा तैयार की गई है। श्री पाण्डेय ने कहा कि इस बजट में बस्तर से लेकर सरगुजा तक सरकार ने दिल खोलकर प्रावधान रखा है। किसान, युवा, महिला सभी को इस बजट का लाभ मिलेगा। प्रदेश की 3 करोड़ जनता के हितों को ध्यान में रखकर यह बजट प्रस्तुत किया गया है। छत्तीसगढ़ का यह बजट सामाजिक न्याय और आर्थिक विकास के बीच संतुलन स्थापित करेगा। जहाँ एक ओर ‘महतारी वंदन’ और ‘रानी दुर्गावती योजना’ से महिलाओं और बच्चियों का भविष्य सुरक्षित करने का प्रयास है, वहीं युवाओं के लिए ‘उद्यम क्रांति’ जैसे कदम राज्य में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूती प्रदान करेंगे। साय सरकार के पहले वर्ष के बजट की थीम ‘ज्ञान’ (गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी) थी। जबकि पिछले वर्ष के बजट की ‘गति’ (गुड गवर्नेंस, एक्सीलेरैटिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर, टेक्नॉलॉजी और इण्डस्ट्रीयल ग्रोथ) की रणनीति अपनाते हुए इसे ‘संकल्प’ (समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कुशल मानव संसाधन, अन्त्योदय, लाइवलीहुड, पॉलिसी से परिणाम तक) की अवधारणा में बजट के मूल आधार स्तंभों का संयोजन किया गया है। महतारी वंदन योजना के लिए 8200 करोड़ रुपए का प्रावधान प्रदेश की मातृशक्ति को सशक्त करने के लिए, प्रदेश के कृषि उन्नत योजना के तहत 10 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान इस बजट में रखा गया है। बस्तर को पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने सहित पूरे छत्तीसगढ़ के समुचित विकास की दृष्टि में यह बजट तैयार किया गया है।



