कवर्धा: संकल्प नहीं, ‘मोह-माया’ वाला बजट: नवीन जायसवाल

कवर्धा। राज्य सरकार के हालिया बजट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए जिला कांग्रेस कमेटी कवर्धा के अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने इसे “मोह-माया वाला बजट” करार दिया है। उन्होंने कहा कि बजट का नाम भले ही ‘संकल्प’ रखा गया हो, लेकिन इसमें राज्य और आम जनता के हित में कोई ठोस संकल्प नजर नहीं आता।
जायसवाल ने आरोप लगाया कि बजट में किसानों, बेरोजगार युवाओं और आम लोगों के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले बजट में की गई घोषणाओं और उनके क्रियान्वयन की स्थिति का भी स्पष्ट उल्लेख नहीं है। “500 रुपये में गैस सिलेंडर और 57 हजार शिक्षक भर्ती जैसी घोषणाएं कागजों में भी खोजने पर नहीं मिल रही हैं,” उन्होंने कहा।
उन्होंने 2047 के रोडमैप का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि जब वर्तमान वर्ष 2026 चल रहा है, तो सरकार को पहले मौजूदा चुनौतियों और जरूरतों पर ध्यान देना चाहिए। “2047 की बात करना आसान है, लेकिन जनता को 2026 की समस्याओं का समाधान चाहिए,” जायसवाल ने कहा।
कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ का बजट राज्य की जरूरतों के अनुरूप नहीं, बल्कि “दिल्ली से बनकर आया हुआ” प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि कवर्धा जिले के लिए इस बजट में कोई विशेष घोषणा या बड़ी योजना नहीं है, जिससे जिले के विकास को गति मिल सके।
जायसवाल ने साय सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह बजट कवर्धा के लिए “झुनझुना” साबित होगा। उन्होंने सरकार से जनहित में ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।



