कवर्धा: पंडरिया शक्कर कारखाना: पेराई सत्र 2024-25 के किसानों को मिला पूरा भुगतान, 2.73 करोड़ रुपये खातों में अंतरित

कवर्धा। जिले के लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना, पंडरिया द्वारा पेराई सत्र 2024-25 में गन्ना विक्रय करने वाले सभी किसानों को उनका संपूर्ण भुगतान कर दिया गया है। कारखाना प्रबंधन ने किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शेष बकाया राशि का भुगतान भी तय समय पर पूरा कर दिया है, जिससे क्षेत्र के गन्ना उत्पादक किसानों में संतोष और उत्साह का माहौल है।
कारखाना प्रबंधन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेराई सत्र 2024-25 में कुल 7,658 किसानों ने अपना गन्ना कारखाना में विक्रय किया था। इन किसानों को अतिरिक्त रिकवरी राशि के रूप में कुल 99.27 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान किया जाना था। इसमें से पहले ही 81 रुपये प्रति क्विंटल की राशि किसानों को प्रदान की जा चुकी थी। शेष 18.27 रुपये प्रति क्विंटल की राशि के रूप में कुल 2.73 करोड़ रुपये 19 जनवरी 2026 को किसानों के बैंक खातों में सीधे अंतरित कर दी गई है।

शक्कर कारखाना के प्रबंध संचालक (एमडी) उत्तर कौशिक ने बताया कि किसानों को उनकी पूरी मेहनत का समय पर भुगतान सुनिश्चित करना कारखाना प्रबंधन की प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि इस भुगतान के साथ ही पेराई सत्र 2024-25 में गन्ना विक्रय करने वाले सभी किसानों का बकाया पूरी तरह से समाप्त हो गया है।
एमडी ने यह भी जानकारी दी कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना, पंडरिया में वर्तमान पेराई सत्र सुचारू रूप से जारी है। कारखाना प्रबंधन ने क्षेत्र के सभी गन्ना उत्पादक किसानों से अपील की है कि वे वर्तमान पेराई सत्र में भी अपना गन्ना इसी कारखाना में विक्रय करें, ताकि उन्हें समय पर भुगतान के साथ बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
किसानों को समयबद्ध और पारदर्शी भुगतान मिलने से कारखाना और किसानों के बीच विश्वास और मजबूत हुआ है, जो आने वाले समय में गन्ना उत्पादन और शक्कर उद्योग के विकास के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।


