कवर्धा: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान के विरोध में हिंदू सनातन मंच का प्रदर्शन, न्यायालय परिसर के सामने किया पुतला दहन

कवर्धा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा कथावाचक एवं संत धीरेंद्र शास्त्री को लेकर दिए गए बयान के विरोध में हिंदू सनातन मंच के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने न्यायालय परिसर के सामने पूर्व मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
हिंदू सनातन मंच के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि भूपेश बघेल द्वारा संत धीरेंद्र शास्त्री की कार्यप्रणाली, आयोजनों और गतिविधियों को राजनीतिक एजेंडे से जोड़कर देखना निंदनीय है। मंच का आरोप है कि इस तरह के बयान न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में अनावश्यक तनाव और वैमनस्य का वातावरण भी उत्पन्न करते हैं।

प्रदर्शन के दौरान मंच के सदस्यों पोखराज सिंह परिहार, आदित्य झा, रवि सिंह राजपूत, तुलेश्वर शर्मा, नितिन पाठक सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक संवैधानिक पद पर रह चुके व्यक्ति से मर्यादित और जिम्मेदार भाषा की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक विषयों पर राजनीतिक दृष्टिकोण से की गई टिप्पणियां समाज को बांटने का कार्य करती हैं।
हिंदू सनातन मंच ने कहा कि सनातन संस्कृति और हिंदू एकता की बात करने वाले संत-महात्माओं पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं, जो स्वीकार्य नहीं है। मंच के नेताओं ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि रही है और ऐसे में किसी भी धार्मिक व्यक्तित्व पर बिना ठोस तथ्यों के टिप्पणी करना अनुचित है।
मंच ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से अपने बयान पर संयम बरतने तथा सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा का प्रयोग करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की टिप्पणियां जारी रहीं तो हिंदू समाज संगठित होकर आंदोलन को और तेज करेगा।




