कवर्धा: घर में घुसकर नाबालिग बालिका की सब्बल मारकर हत्या, गांव में दहशत, पुलिस जांच में जुटी।

कवर्धा: कबीरधाम जिले के पांडातराई थाना अंतर्गत खैरवार गांव में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गांव की 17 वर्षीय नाबालिग युवती की उसके ही घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। परिजनों ने युवती के साथ दुराचार की आशंका भी जताई है, जिसे लेकर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 10 से 12 बजे के बीच एक युवक ने घर में घुसकर धारदार सब्बल से युवती के गले पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के वक्त युवती अपने छोटे भाई के साथ घर में अकेली थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य खेतों में काम करने गए हुए थे। अचानक हुई इस निर्मम हत्या से गांव में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान और हत्या के पीछे के कारणों को लेकर गहन पड़ताल जारी है।
वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस कर रही है।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र गांव में निगरानी बढ़ा दी गई है।



