कवर्धा:अशोका पब्लिक स्कूल के तीनों परिसरों में गूंजा राष्ट्रप्रेम का जयघोष, नन्हे-मुन्नों बच्चों में भी दिखा स्वतंत्रता का उत्साह

कवर्धा। देशभक्ति के जोश, उत्साह और उमंग से सराबोर अशोका पब्लिक स्कूल के APS-1, APS-2 एवं APS-3 परिसरों में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। तीनों परिसरों में विद्यालय प्रबंधन द्वारा विशेष तैयारियां की गईं। आकर्षक मंच सज्जा,तिरंगे से सजा परिसर और विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने कार्यक्रम की सराहना की। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पूर्व 14 अगस्त को भारत विभाजन एवं विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। नर्सरी से कक्षा दूसरी तक के नन्हे विद्यार्थियों ने फैंसी ड्रेस एवं नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने देशभक्ति भाषण और गीतों से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कक्षा दूसरी के विद्यार्थी विधाय देवांगन द्वारा प्रस्तुत ‘मोबाइल की बुरी आदत’ विषय पर नाटक रहा,जिसे विद्यालय संचालिका श्रीमती सारिका देवांगन के विशेष मार्गदर्शन में प्रस्तुत किया गया। शानदार प्रस्तुति पर पूरा प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर APS-2 एवं APS-3 में विद्यालय संचालक श्री पवन देवांगन, संचालिका श्रीमती सारिका देवांगन एवं श्री गीतेश देवांगन ने ध्वजारोहण किया। वहीं APS-1 में स्काउट्स एवं गाइड्स कैडेट्स ने शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन तथा महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस,पंडित जवाहरलाल नेहरू और डॉ. भीमराव आंबेडकर,भारत माता, छत्तीसगढ़ी माता के छायाचित्र पर माल्यार्पण के बाद राष्ट्रीय धुन के साथ तिरंगा फहराया गया।

तिरंगा लहराते ही राष्ट्रगान से पूरा वातावरण देशभक्ति में डूब गया। नन्हे बच्चों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों तक गजब का जोश और जुनून देखने को मिला। कोई सैनिक की वेशभूषा में तो कोई तिरंगे के रंगों में सजा नजर आया। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, संस्कृत भाषण, हिंदी कविता, अंग्रेजी भाषण तथा ‘वंदे वंदे’ और ‘ऐ वतन’ जैसे देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। विद्यालय संसद के छात्र नेताओं ने भी अपने विचार रखते हुए राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
विद्यालय संचालक श्री पवन देवांगन एवं संचालिका श्रीमती सारिका देवांगन ने अपने विशेष संबोधन में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए स्वतंत्रता की वास्तविक कीमत और आजादी के सही अर्थ को समझाया। उन्होंने बच्चों को सच्ची देशभक्ति को अपने हृदय में जीवित रखने,देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और अच्छे नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अभिभावकों से विद्यालय के साथ कदम से कदम मिलाकर बच्चों को संस्कारवान और मूल्यवान बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्राचार्य श्री सोहनलाल नापित,उप-प्राचार्य श्री लोकनाथ देवांगन,एडमिन श्री सागर नामदेव,शिक्षकगण,विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कक्षा 11वीं की छात्राओं आस्था केशरवानी एवं रूचि तुरकर ने शानदार एंकरिंग से कार्यक्रम को प्रभावशाली बनाया। पूरे विद्यालय परिसर में ‘जय हिंद’, ‘जय भारत’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से वातावरण गूंज उठा। विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया और कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ। अशोका पब्लिक स्कूल के तीनों परिसरों में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह केवल उत्सव नहीं,बल्कि नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम,संस्कार,अनुशासन और जिम्मेदारी का संकल्प जगाने वाला यादगार आयोजन बन गया।



