अपना कबीरधाममध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़

कवर्धा में धनतेरस पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने हनुमंत वाटिका का लोकार्पण किया .भक्ति और आस्था से गूंजा नगर

कवर्धा। सौंदर्य, संस्कृति और आस्था के संगम का अद्भुत दृश्य शनिवार की शाम कवर्धा में देखने को मिला, जब नगर के हृदय स्थल पर निर्मित “हनुमंत वाटिका” का भव्य लोकार्पण हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत ब्राह्मणों के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई, इसके बाद भगवान हनुमान जी की विशाल प्रतिमा का अनावरण किया गया। पूरा वातावरण जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष से गूंज उठा।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा पारंपरिक केसरिया परिधान में पहुंचे। उन्होंने फीता काटकर वाटिका का लोकार्पण किया और श्रद्धापूर्वक आरती में शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि “हनुमंत वाटिका केवल एक पार्क नहीं, बल्कि यह कवर्धा की आस्था, संस्कृति और स्वच्छता का प्रतीक है।”

इस अवसर पर दक्षिण कौशल पीठाधीश्वर राजीव लोचन दास महाराज ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि जहां हनुमान भक्ति होती है, वहां से शक्ति, शांति और सेवा का संदेश प्रवाहित होता है। सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के दौरान सैकड़ों श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन हो गए।

महाआरती के बाद रंग-बिरंगी आतिशबाज़ी ने आसमान को रोशन कर दिया, जिससे पूरा नगर उत्सवमय हो उठा। नगर पालिका द्वारा विकसित हनुमंत वाटिका में हरियाली, वॉकिंग ट्रैक, ओपन जिम, बच्चों के झूले और विशाल हनुमान प्रतिमा आकर्षण का केंद्र हैं।

कार्यक्रम में वाटिका निर्माण से जुड़े धनेश चंद्रवंशी, योगेश साहू और बलविंदर खुराना का सम्मान किया गया। इस अवसर पर कृषक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

खबर शेयर करें और खुद से मेहनत करें!